खजुराहो पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: बागेश्वर धाम के लिए हुईं रवाना, 251 जोड़ों को देंगी आशीर्वाद


छतरपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के खजुराहो पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, सीएम डॉ मोहन यादव और पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति खजुराहो से बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गई हैं। यहां वे 251 कन्याओं के सामूहिक विवाह में शामिल होंगे। भारत की महामहिम राष्ट्रपति 251 बेटियों को आशीर्वाद देंगी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करेंगी। इस दौरान संत, खेल और बॉलीवुड जगत की भी कई हस्तियां मौजूद रहेंगी।

मध्य प्रदेश के छतरपुर में स्थित बागेश्वर धाम में आज सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भई शामिल होंगे। जहां वे 251 बेटियों को आशीर्वाद देंगी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करेंगी। यह कार्यक्रम छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में किया जा रहा है। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 23 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

इस समारोह में गायक सोनू निगम, क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह और अभिनेता पुनीत वशिष्ठ भी मौजूद रहेंगे। WWE पहलवान द ग्रेट खली पहले ही बागेश्वर धाम पहुंच गए हैं। इसके अलावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज, मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्र दास महाराज, गोरीलाल कुंज वाले स्वामी किशोरदाज महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, पुण्डरीक गोस्वामी, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, चिदानंद स्वामी महाराज, पूज्य बालक योगेश्वरदास महाराज, अयोध्या के राम दिनेश आचार्य महाराज, अभिरामाचार्य महाराज, अभयदास महाराज, हरिद्वार से रामदास महाराज, चिन्मयानंद बापूजी महाराज, गंगादास महाराज, गोपालमणि महाराज, संजय सलिल महाराज समेत अनेक संत वर-वधू को आशीर्वाद देंगे।

इस आयोजन के लिए 251 मंडप बनाए गए है। 251 घोड़े तैयार किए गए हैं, जिन पर बारात निकाली जाएगी। बालाजी मंदिर के पास से ही बारात उठकर पंडाल में आएगी। वहीं नवविवाहित जोड़े को गिफ्ट में ढाई लाख रुपए कीमत के घरेलू उपयोग का सामान दिया जाएगा। दूल्हे के शेरवानी और दुल्हन के लिए लहंगा पहले ही दे दिया गया है। इसके अलावा डबल बेड, सोफा, आटा चक्की, अलमारी, ड्रेसिंग समेत घरेलू उपयोग के 56 आइटम शामिल हैं। वहीं 20 लाख लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है।

आपको बता दें कि हाल ही में 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बागेश्वर धाम में बनने वाले कैंसर अस्पताल सहित करोड़ों की लागत वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की आधारशिला रखी थी। पीएम और राष्ट्रपति के इन दौरों से बागेश्वर धाम का धार्मिक और सामाजिक महत्व और ज्यादा बढ़ गया है। वहीं मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *