महिला बाल विकास पर्यवेक्षक भर्ती 2024 का परीक्षा परिणाम जारी, CM डॉ मोहन यादव ने 650 प्रतिभागियों को दी बधाई


शब्बीर अहमद, भोपाल। एमपीईएसबी ने महिला एवं बाल विकास लिए आयोजित पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड ने 7 मार्च से 13 अप्रैल 2025 तक परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यवेक्षकों के पद पर नवचयनित 650 प्रतिभागियों को बधाई दी है। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए संकल्पित है। राज्य सरकार कर्मचारियों, किसान, गरीब, युवा, महिलाओं सहित समाज सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश को विकास पथ पर सदैव अग्रसर रखने में राज्य के सभी कर्मचारियों की अहम भूमिका है।

11 हजार 400 पदों पर कर्मचारियों का चयन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जारी संदेश में कहा कि मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 11 हजार 400 पदों पर कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें से 4000 पदों पर पात्र अभ्यर्थियों के चयन उपरांत इनकी पोस्टिंग की प्रक्रिया भी सम्पन्न हो चुकी है। शेष 7400 पदों के लिए यह प्रक्रिया अंतिम स्तर पर जारी है।

लोक सेवा आयोग से चयनित 3756 पदों पर भी पोस्टिंग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसके साथ ही मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 3756 पदों पर भी पोस्टिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया कर शासकीय कार्यालयों में क्षमता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों का निजी जीवन भी सुगम और आनंदमय बने, इसके लिए उन्हें विभिन्न प्रकार के लंबित वेतन भत्तों सहित क्रमोन्नति एवं पदोन्नति का लाभ पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचने में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। सरकार सबके हितों का ध्यान रखते हुए मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *