8000 पेड़ बचाने लोगों का ‘चिपको आंदोलन’: सड़क चौड़ीकरण के लिए काटे जाने हैं, पर्यावरण प्रेमियों ने कहा- भोपाल बन जाएगा रेगिस्तान


सुधीर दंडोतिया, भोपाल। NHAI के प्रोजेक्ट के तहत अयोध्या नगर रत्नागिरी से आशाराम तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण होना है। जिसके लिए भोपाल में 16 किलोमीटर तक 8 हजार पेड़ काटे जाने हैं। इसी का आज पर्यावरण प्रेमियों ने विरोध जताया है। काकड़ा फार्म हाउस के सामने मानव श्रृंखला बनाकर पेड़ों को रक्षासूत्र बांधा गया। साथ ही पेड़ों से चिपककर इसे न काटने की अपील की गई। साथ ही कहा कि सरकारी विभाग भोपाल को रेगिस्तान बनाने पर तुले हैं।

पेड़ काटते गए तो भोपाल रेगिस्तान बन जाएगा

पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि राजधानी भोपाल में विकास के नाम पर पूरे भोपाल में हरियाली खत्म की जा रही है। सरकार चार गुना पेड़ लगाने की बात कहती है लेकिन यह चार गुना पेड़ कभी लगे हुए नजर नहीं आते। सिर्फ कागजों में हरियाली बढ़ जाती है। शहर में लगातार तापमान बढ़ रहा है। इसी प्रकार से पेड़ काटते गए तो भोपाल रेगिस्तान बन जाएगा। जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में भूख हड़ताल धरना शुरू किया  जाएगा।

विकास के नाम पर काटे जा रहे पेड़ 

अधिकांश लोगों ने बैठक में अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि शहर में विकास के नाम पर पेड़ काटे जा रहे हैं। सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है और उन चौड़ी सड़कों पर दुकान या गाड़ियों की पार्किंग हो रही है तो फिर पेड़ क्यों काटे जा रहे हैं? जनता के आवागमन के लिए सड़क चौड़ी की जा रही हैं। हरियाली बर्बाद की जा रही है। करोड़ों रुपए खर्च किया जा रहा है। अगर सड़कों से अतिक्रमण हटा दिया जाए तो सड़क चौड़ी करने हरियाली बर्बाद करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *