अब एक क्लिक पर मिलेंगे 100 साल पुराने राजस्व रिकॉर्ड, जबलपुर में प्रदेश के पहले हाईटेक राजस्व रिकॉर्ड रूम का CM डॉ मोहन ने किया उद्घाटन 


कुमार इंदर, जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार शाम जबलपुर कलेक्ट्रेट में प्रदेश के पहले हाईटेक डिजिटलाइजेशन रिकार्ड रूम का उद्घाटन किया। करीब डेढ़ करोड़ की लागत से बने इस हाईटेक रिकॉर्ड रूम में 100 साल पुराने दस्तावेजों को भी सहेज कर रखा गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भू-अभिलेख के व्यवस्थित रखरखाव के लिए जबलपुर में की गई पहल सराहनीय है। राज्य सरकार ने राजस्व प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में कई नवाचार किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में साइबर तहसील, सम्पदा-1 और सम्पदा 2 के माध्यम से नागरिकों को सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। अब अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे लाल बस्ते का चलन खत्म हो रहा है। राजस्व रिकार्ड की नकल निकलवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की अब आवश्यकता नहीं है।

READ MORE: खंडवा से CM डॉ मोहन का आतंकी को संदेश: कहा-छेड़ेंगे तो छोड़ेंगे नहीं, ये मोदी जी का जमाना है, देश के दुश्मनों के हलक सुख रहे है, हाथ पैर कांप रहे…

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय, जबलपुर में नवीनीकृत राजस्व अभिलेखागार के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्व के क्षेत्र में यह एक नूतन व्यवस्था है जो सुशासन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कलेक्टर दीपक सक्सेना द्वारा किये गए नवाचार की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज नागरिकों को दस्तावेजों की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कापी दोनों ही उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है। जबलपुर जिला प्रशासन इस पहल के लिए बधाई का पात्र है।  

प्रदेश में बनेंगी जिला स्तरीय विकास समितियां

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जिला स्तर पर विभिन्न समितियां बनेंगी जिसमें निवार्चित जनप्रतिनिधियों के साथ ही डॉक्टर, वकील और इंजीनियर आदि भी शामिल होंगे। यह एक ऐसा मॉडल होगा, जिसमें विकास का दायरा काफी विस्तृत होगा। मुख्यमंत्री जिला स्तरीय समितियों के अध्यक्ष और जिला प्रभारी मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। यह मॉडल सम्पूर्ण प्रदेश में लागू होगा और विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालयों में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालयों में नए-नए उपयोगी पाठ्यक्रम प्रारंभ होने चाहिए। मेडिकल यूनिवर्सिटी भी बहुआयामी पाठ्यक्रमों का संचालन कर सकती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बी.एसी. एग्रीकल्चर के प्रति युवा आकर्षित हो रहे हैं, वैसे ही अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रम लागू कर विद्यार्थियों का दिल जीतने का कार्य किया जाए।

मंदसौर में कृषि उद्योग समागम 3 मई को

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मालवा सहित प्रदेश के सभी अंचलों में सेक्टरवाइज आयोजन होंगे। प्रत्येक संभाग में इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद अब सेक्टरवाइज और विषयवार यह कार्यक्रम होंगे। मंदसौर में 3 मई में कृषि उद्योग समागम हो रहा है। अगला आयोजन महाकौशल अंचल में होगा। प्रदेश भर में प्रसंस्करण इकाईयों की स्थापना का कार्य तेजी से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्वातारोही श्री अंकित सेन को पांच लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *