BHOPAL NEWS – फ्लाईओवर के ऊपर से होकर गुजरेगा ROB का थर्ड लेग
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुभाष नगर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के प्रस्तावित थर्ड लेग का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। शुक्रवार को नरेला विधानसभा के विधायक एवं सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने थर्ड लेग निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
सुभाष नगर ROB का थर्ड लेग फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा
पिछले वर्ष निर्मित सुभाष नगर ROB से 5 लाख नागरिकों को सुविधा मिल रही है। अब इस ROB का विस्तार करते हुए इसका थर्ड लेग तैयार किया जाएगा, जो सुभाष नगर फ्लाईओवर के ऊपर से होकर गुजरेगा। यह थर्ड लेग भेल क्षेत्र से एमपी नगर और न्यू भोपाल आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यातायात को और सुगम बनाएगा।
सुभाष नगर थर्ड लेग: सिविल इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण होगा
यह थर्ड लेग तकनीकी रूप से उन्नत होगा और सिविल इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण होगा। यह फ्लाईओवर, सुभाष नगर ROB के ऊपर से गुजरेगा और आकर्षक डिज़ाइन के साथ कर्व लेते हुए निर्मित किया जाएगा। इसके निर्माण में 242 मीटर का स्पान शामिल होगा, और इसकी अनुमानित लागत ₹22 करोड़ है। थर्ड लेग की डिज़ाइन तैयार हो चुकी है, और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ मार्ग में आने वाली बाधाओं की समीक्षा की गई, और उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।
थर्ड लेग यातायात सुगमता के लिए आवश्यक
वर्तमान में भेल क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को सुभाष नगर फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए प्रभात चौराहा होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। थर्ड लेग के निर्माण से यह समस्या समाप्त हो जाएगी। अब भेल से आने वाले वाहन पुराने फ्लाईओवर पर सीधे चढ़ सकेंगे। साथ ही, मैदा मिल और एमपी नगर से भेल क्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों को प्रभात चौराहा का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे मैदा मिल की ओर से थर्ड लेग पर चढ़कर मोती नगर उतर सकेंगे। यह थर्ड लेग यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक मार्ग प्रदान करेगा, जिससे भोपाल की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। यह थर्ड लेग न केवल यातायात सुविधा को बढ़ाएगा, बल्कि भोपाल के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देगा।
भोपाल से संबंधित महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें। समाचार, विज्ञापन एवं प्रतिनिधित्व पूछताछ के लिए व्हाट्सएप, टेलीग्राम ईमेल के माध्यम से संपर्क करें।