CM डॉ. मोहन ने पत्नी के लिए खरीदी बाग प्रिंट की साड़ी, पर्स निकालकर महिला समूह को दिए पैसे, श्रीराम की एकमात्र चतुर्भुज प्रतिमा के किए दर्शन


रेणु अग्रवाल, धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के दौरे पर थे। उन्होंने मांडू में दीनदयाल अंत्योदय योजना-शहरी आजीविका मिशन के तहत स्थानीय महिलाओं को दिए जा रहे बाग प्रिंट प्रशिक्षण का अवलोकन किया। इस दौरान सीएम ने पत्नी के लिए बाग प्रिंट की साड़ी खरीदी। उन्होंने पर्स से पैसे निकाले और महिला समूह को अपने हाथों से इसके पैसे भी दिए।

कला के संरक्षण में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका को सराहा 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थानीय महिलाओं को दिए जा रहे बाग प्रिंट प्रशिक्षण को देखा। उन्होंने कला के संरक्षण में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका को सराहा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। यहां उन्होंने और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने खुद साड़ी पर बाग प्रिंट का ठप्पा लगाया।

मांडू के चतुर्भुज श्रीराम मंदिर में किये दर्शन

मुख्यमंत्री ने माण्डू के प्रसिद्ध चतुर्भुज श्रीराम मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीराम की  एकमात्र चतुर्भुज प्रतिमा के भी दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के महाराज एवं अन्य संतों से भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। सीएम ने कहा कि “मैं सौभाग्यशाली हूं कि इस मंदिर में दर्शन का अवसर मिला। यहां भगवान श्रीराम की अद्भुत, अद्वितीय और ऐतिहासिक मूर्ति है। भगवान श्रीराम चतुर्भुज रूप में है। इसमें श्रीराम के साथ विष्णु भगवान की झलक भी दिखाई देती है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विरासत से विकास की ओर बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में पर्यटन केंद्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सीएम के मांडू पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को मांडू की पहचान प्रसिद्ध ऐतिहासिक खुरासानी इमली भेंट की गई।

कुक्षी में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल 

सीएम डॉ. मोहन यादव आज जिले के कुक्षी भी पहुंचे जहां महिला बाल विकास और स्व सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवराज गार्डन में स्व सहायता समूह के कार्यक्रम में भाग लिया।

सीएम ने कांग्रेस पर बोला हमला 

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। जब भाजपा की सरकार कुछ करती है तो कांग्रेसियों के सीने पर सांप लोटते हैं। लेकिन प्रदेश की सरकार महिलाओं और युवाओं के भविष्य के लिए हर समय काम करेगी। महिलाओं को रोजगार के लिए अब कपड़े सिलने और दूध डेयरी उद्योग लगाने और गाय पालने के लिए भी मदद करेगी।” 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *