मैहर में बनेगा मां शारदा लोक: CM डॉ. मोहन का बड़ा ऐलान, चित्रकूट में श्रीराम लोक का भी होगा निर्माण, शराबबंदी करने पर जनता ने किया सम्मान


सुधीर दंडोतिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रामनवमी पर मैहर में मां शारदा के दर्शन किए। इस दौरान सीएम ने मैहर में मां शारदा देवी का भव्य शारदा लोक निर्माण करने का ऐलान किया। साथ ही चित्रकूट में वनवासी भगवान श्रीराम लोक का भी निर्माण होगा। सीएम ने कहा, “आज रामनवमी पर पूरी अयोध्या जगमग है तो भगवान श्रीराम की कर्मभूमि चित्रकूट भी आज लाखों दीपों से जगमग होगी।”

सीएम ने कहा- बहनों की मांग पर 19 धार्मिक शहरों में की शराबबंदी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने बहनों की मांग पर मैहर सहित प्रदेश के 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराबबंदी कर दी है। मैहर में शीघ्र ही कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। इसी साल बरगी बांध से माँ नर्मदा का जल मैहर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पहुंचाया जायेगा। प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। वर्ष 2003 में केवल 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा थी, जिसे 55 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाया गया है। विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से अगले 5 साल में प्रदेश में 1 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। मैहर में 250 एकड़ क्षेत्र में विशाल गौशाला का निर्माण भी किया जायेगा।”

आल्हा के जीवन से जुड़े कार्यक्रम चलाने का खर्च उठाएगी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “मां शारदा की कृपा से मैहर जिले को मॉडल के रूप में विकसित किया जायेगा। रामनवमी पर मां शारदा से मुझे आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। आज हम रामनवमी के साथ मां शारदा के परम भक्त और परमवीर आल्हा का 1300वां जन्म वर्ष भी मना रहे हैं। आल्हा ने अपनी वीरता से बुंदेलखंड की धरती को वीरों की धरती बनाया। प्रदेश में आल्हा के जीवन से जुड़े कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित किये जायेंगे, जिसका पूरा खर्च सरकार उठायेगी। 

सीएम बोले- ऐसा लगा जैसे सचमुच तलवारें चल गई 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोक कलाकारों ने भी वीर रस से भरे हुए मोहक आल्हा गायन से युद्धों का सजीव वर्णन किया। ऐसा लग रहा था जैसे सचमुच में तलवारें चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने मंच में आल्हा कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाली कला-मंडलियों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

पीएम मोदी की तारीफ में कही ये बात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से देश और प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों से देश की हर कठिनाई दूर हो रही है। कश्मीर में धारा-370 को समाप्त कर आतंकवादियों की कमर तोड़ने के साथ विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। अब तो पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत में मिलने की मांग कर रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी के जन-कल्याणकारी नीति, सुव्यवस्था और विकास के कार्यों के प्रति जनता का विश्वास है।

किसानों से बिजली खरीदेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के पहले औद्योगिक विकास दर 1 प्रतिशत से भी कम थी। आज औद्योगिक विकास दर 12 प्रतिशत है। मध्यप्रदेश देश में सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य है। हर संभाग मुख्यालय में इन्वेस्टर्स मीट में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के बडे प्रस्ताव मिले है। औद्योगिक विकास के लिए मैहर में नवीन संस्थानों की स्थापना की जायेगी। ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश में 32 लाख सोलर पंप लगाकर किसानों को मुफ्त में बिजली देंगे। किसानों के पास यदि उनके उपयोग से अधिक बिजली पैदा हुई तो उसे खरीदकर रुपये भी सरकार देगी।

शराब से तन-मन और धन का होता है नाश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर सहित प्रदेश के 19 स्थानों में शराबबंदी लागू की गई है। बहनों की माँग पर यह कदम उठाया गया है। शराब से तन-मन और धन का नाश होता है। आज मैहर में जगह-जगह दूध का वितरण करते हुए लोगों ने शराबबंदी पर खुशी जाहिर की।

शराबबंदी के लिए जनता ने किया स्वागत 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में मंदिर पहुंचकर माँ शारदा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सीएम मैहर नगर में स्टेट बैंक चौराहा, काली माता मंदिर से कटरा बाजार होते हुए घंटाघर चौक तक आयोजित रोड-शो में शामिल हुए। आम जनता ने पुष्प वर्षा कर शराबबंदी करने के लिए सीएम का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। 

71 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बंधा बैरियर में आयोजित विशाल आमसभा में 71 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। विभिन्न योजनाओं में हितलाभ का वितरण किया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *