Bhopal Nagar Nigam Budget 2025: 3611 करोड़ से ज्यादा का बजट पास, नेता प्रतिपक्ष ने टैक्स बढ़ाने का किया विरोध, बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल नगर निगम में बजट पेश किया गया। महापौर मालती राय ने 3611 करोड़ 79 लाख 75 हजार रुपये का बजट प्रस्तुत किया। इस दौरान निगम परिषद में जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शहर सरकार ने बजट में जनता पर दोगुनी मार दी है। वहीं बहुमत के आधार पर बजट पारित हो गया। इसी के साथ ही निगम की कार्यवाही अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।
गुरुवार को भोपाल नगर निगम में मेयर मालती राय ने बजट पेश किया। महापौर मालती राय ने 3611 करोड़ 79 लाख 75 हजार रुपये का बजट पेश किया। इस बार भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। वहीं उपभोक्ता प्रभार जल, सीवेज, ठोस अपशिष्ट में भी 15 फीसदी की वृद्धि का प्रस्ताव है। टैक्स बढ़ाने से शहर में 3 लाख नल कनेक्शन और 5.62 लाख प्रॉपर्टी टैक्स उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
ये भी पढ़ें: BHOPAL में संपत्ति कर में 10% की वृद्धि, पानी भी महंगा: 3611 करोड़ से अधिक का बजट पेश, जानें शहर को और क्या-क्या मिला ?
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए ये आरोप, कोर्ट जाने की कही बात
बजट पर चर्चा के दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि 31 मार्च के बाद कोई भी टैक्स नहीं बढ़ा सकते है। इन्होंने भोपाल की जनता को गुमराह किया है। उस कॉलम को लोग नहीं समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध तरीके से टैक्स बढ़ाया गया है। नेता प्रतिपक्ष ने नियम बताने की बात भी कही। शबिस्ता जकी ने कहा कि पुरानी वसूली से कोई काम नहीं हुआ। निगम सरकार हिसाब के साथ देने से बच रही है। टैक्स वापस नहीं लेने पर विपक्ष कोर्ट की शरण में जाएगा। वहीं उन्होंने बात घुमाने का भी आरोप लगाया।
जनता से लेकर जनता को दिया जा रहा- मेयर मालती राय
महापौर मालती राय ने कहा कि 3611 करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया है। हमने महिलाओं को सम्मान करने के लिए, गीता भवन बनवाने के लिए और भोपाल के द्वार के लिए बजट जारी किया है। विसर्जन घाट शासन की जमीन के लिए पत्र लिख गुहार लगाई है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी जनता के सामने लेंगे। जनता से लेकर जनता को दिया जा रहा है। वार्ड विकास को 50 लाख देने का काम किया गया है।
ये भी पढ़ें: MP के कर्मचारियों को सौगात, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कही यह बात
महापौर ने विपक्ष के आरोपों का दिया जवाब
विपक्ष के आरोपों पर मेयर मालती ने कहा कि यह बजट 1 तारीख से पहले ही पास कर दिया गया था, लेकिन धार्मिक त्योहारों को देखते हुए आज बैठक की। पहले रमजान, गणगौर, नवरात्रि और ईद को देखने के बाद आज बजट प्रस्तुत किया गया। टैक्स बढ़ाने पर उन्होंने कहा कि जो पैसा लिया जाएगा उसे जनता और शहर का विकास कार्य में लगाएंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H