ग्वालियर कलेक्टर ने कर्मचारियों की छुट्टी पर लगा प्रतिबंध हटाया
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में कलेक्टर ने शासकीय कर्मचारियों की छुट्टी पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया है। अब कर्मचारी गर्मी की छुट्टी लेकर पर्यटन के लिए जा सकते हैं। इसके अलावा किसानों के नामांकन एवं बंटवारा इत्यादि के मामलों की सुनवाई भी शुरू हो गई है।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला ग्वालियर से जारी नवीन आदेश में लिखा है कि, कार्यालयीन आदेश क्रमांक निर्वा./25-6/56/2024/805 दिनांक 15 मार्च 2024 से ग्वालियर जिले में कार्यरत समस्त शासकीय सेवकों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया था। उक्त आदेश में आंशिक संशोधित करते हुए अवकाश पर लगाये गये प्रतिबंध, स्ट्रांग रूम की निगरानी, मतगणना एवं अन्य निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी/कर्मचारी को छोड़कर, अन्य शेष कर्मचारियों के अवकाश का प्रतिबंध हटाया जाता है।
रुचिका चौहान, कलेक्टर ग्वालियर के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार संबंधित शासकीय सेवक के अवकाश स्वीकृति की कार्यवाही पूर्व की भांति संबंधित विभाग प्रमुख/विभागीय संक्षम अधिकारी द्वारा किया जायेगा। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।