शाजापुर के मक्सी में पथराव के बाद विवाद: प्रभारी मंत्री ने की शांति की अपील, SP बोले- स्थिति नियंत्रित, फायरिंग में एक की हुई थी मौत, कई घायल


धनराज गवली, शब्बीर अहमद, शाजापुर/भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर के मक्सी की घटना पर प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शांति बनाए रखने की अपील की है। इधर, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। वहीं कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

शाजापुर के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- प्रभार जिले के मक्सी के कस्बे में हुए घटना चक्र के संबंध में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा की। जिले में शांति बनाए रखना और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए हैं। हर कीमत पर सांप्रदायिक सौहाद्र बनाए रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें: शाजापुर के मक्सी में पथराव के बाद फायरिंग, 1 की मौत, 7 घायल, भारी पुलिस बल तैनात, सदस्यता अभियान से शुरू हुआ था विवाद  

SP बोले- स्थिति नियंत्रित, कांग्रेस ने साधा निशाना

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि मक्सी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायलों को जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है। स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा हैं। प्रदेश प्रवक्ता स्वदेश शर्मा ने कहा कि शांति का टापू कहे जाने वाला मध्य प्रदेश हिंसा के टापू में तब्दील हो गया है। सरकार बढ़ते अपराध को रोक नहीं पा रही है। मंदसौर के बाद अब मक्सी में भी दो गुटों में खूनी विवाद हुआ। एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है, जबकि कई घायल है। सरकार का इंटेलिजेंस लाइन ऑफ ऑर्डर इतना कमजोर क्यों है ? कानून का भय खत्म हो गया है। घटना की जिम्मेदार सरकार की लचर कानून व्यवस्था है।

ये है मामला

दरअसल, शाजापुर के मक्सी में भाजपा की सदस्यता अभियान से शुरू हुआ विवाद बुधवार रात को हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। नगरपति हनुमान मंदिर के पास पुराने थाने के सामने दो पक्षों में गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। पथराव के दौरान ही फायरिंग भी की गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

बताया जा रहा है कि मक्सी में 23 सितंबर सोमवार की देर रात बल्डी मोहल्ले पर बीजेपी सदस्यता अभियान चला रहे युवक समीर मेव पर इसी मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी और रॉड से हमला कर दिया था। मारपीट की सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्रसिंह पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पहुंच गए। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी यहां एकत्रित हो गए। कुछ देर तक यहां तनाव की स्थिति बनी रही। फिर दोनों पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पर पहुंच गए। विवाद के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और शाजापुर जिले का फोर्स भेजा गया। मक्सी मे भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उज्जैन से भी पुलिस फोर्स बुलाया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *