MP NEWS – विक्रांत भूरिया ने इस्तीफा दिया, पार्टी नहीं पिता के लिए काम करूंगा
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री विक्रांत भूरिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफा में स्पष्ट किया कि, उनके लिए पार्टी और पिता में से पिता का चुनाव ज्यादा महत्वपूर्ण है, पार्टी का काम नहीं कर पाएंगे इसलिए इस्तीफा दे रहे हैं।
विक्रांत भूरिया का इस्तीफा पढ़िए
श्री श्रीनिवास बीवी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय युवा कांग्रेस, दिल्ली के नाम संबोधित इस्तीफा में श्री विक्रांत भूरिया ने लिखा है कि, देश इस वक़्त लोकतंत्र को बचाने की मुहिम मे लगा हुआ है जिसके लिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे एवं हम सबके नेता श्री राहुल गांधी जी पूरी शक्ति के साथ देश भर में दौरे और सभाएं कर रहे हैं। इस वक़्त प्रत्येक लोकसभा सीट जीतना जितना कांग्रेस के लिए जरूरी है उससे कहीं ज्यादा इस देश के लोकतंत्र के लिए जरूरी है। अब चूंकि मेरे पिता श्री कांतिलाल भूरिया जी रतलाम-झाबुआ लोकसभा से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी हैं, इस कारणवश मुझे अपना अधिकतम समय इस लोकसभा क्षेत्र में देना पड़ रहा है जिसके चलते मैं मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका को पूरे प्रदेश मे निभाने में खुद को असहज पा रहा हूँ और अपने पद के साथ न्याय नहीं कर पा रहा हूँ। आपसे अनुरोध है कि अगर आप किसी और को इस महत्वपूर्ण जवाबदारी के लिए सही समझें तो आप आगे बढ़ें, मैं आपके साथ हूँ। संगठन का हित मेरे लिए सर्वोपरि है।
पार्टी नहीं पिता जरूरी
इस पत्र के साथ डॉ विक्रांत भूरिया ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके लिए पार्टी में ही बल्कि पिता ज्यादा जरूरी है। जहां तक झाबुआ रतलाम लोकसभा सीट की बात है तो श्री कांतिलाल भूरिया, इतने कमजोर नहीं है कि विक्रांत भूरिया के बिना चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। कांग्रेस पार्टी में पर्दे के पीछे कितने झगड़े चल रहे हैं, यह तो कोई नहीं बता सकता लेकिन चुनाव के बीच में इस प्रकार के समाचार कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करते हैं। आदिवासियों में भी अच्छा मैसेज नहीं जाएगा।