शादी की बनाई फर्जी वेबसाइट, 80 से ज्यादा महिलाओं से की चैटिंग: ‘लुटेरा दूल्हा’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, झांसा देकर ऐंठे लाखों रुपए, एक गलती से पहुंचा सलाखों के पीछे   


अजय नीमा, बड़नगर(उज्जैन) मध्य प्रदेश के उज्जैन में शादी का झांसा देकर महिलाओं से लाखों रुपए ठगने वाले एक ‘लुटेरा दूल्हे’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद की शादी वेबसाइट बनाकर अब तक करीब 80 से अधिक महिलाओं से संपर्क किया। पुलिस को उसके मोबाइल से 35 महिलाओं से की गई चैटिंग का रिकॉर्ड मिला है। दो महिलाओं से आरोपी ने 15 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है।

READ MORE: उज्जैन में फिर लव जिहाद: छत्तीसगढ़ से महाकाल दर्शन करने पहुंची थी युवती, घुमाने के बहाने शाहरुख ने की छेड़छाड़, FIR दर्ज

बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि आरोपी का नाम सचिन पिता सुरेश जगताप, निवासी मुंबई (कल्याण) है। एक तलाकशुदा महिला नर्स ने आरोपी के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शादी के लिए एक वेबसाइट पर आवेदन किया था, जहां से सचिन ने उससे संपर्क किया और खुद को फैक्ट्री मालिक बताया।

12 लाख रुपए और फ्लैट के नाम पर झांसा 

सचिन ने नर्स को बताया कि उसकी फैक्ट्री में नुकसान हो गया है और उसे एक फ्लैट खरीदना है। भरोसा दिलाकर उसने महिला से 12 लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद वह उज्जैन की एक विधवा महिला के संपर्क में आया और उससे शादी का वादा कर साढ़े तीन लाख रुपए व महंगा मोबाइल ले गया।

 लिव-इन पार्टनर ने खोली पोल 

सचिन मुंबई में एक महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। एक दिन वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया। महिला ने मोबाइल देखा तो उसमें दोनों पीड़िताओं की जानकारी मिली। शक होने पर उसने नर्स से संपर्क किया और पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों महिलाओं ने अपने-अपने स्तर पर पुलिस से संपर्क किया। जांच में पुष्टि होने पर बड़नगर पुलिस ने सचिन को हिरासत में ले लिया।

 पुलिस को 35 महिलाओं की जानकारी 

थाना प्रभारी पाटीदार ने बताया कि आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया गया है, जिसमें अब तक 35 महिलाओं से की गई चैटिंग मिली है। आरोपी मुख्य रूप से तलाकशुदा और विधवा महिलाओं को निशाना बनाता था। उसकी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच जारी है। एसडीओपी महेन्द्र सिंह परमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और संभावना है कि और भी पीड़ित महिलाएं सामने आ सकती हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *